Friday, December 15, 2017

यही पल जिंदगी

लम्हा लम्हा यूँ
पिघलती ज़िन्दगी
हर सांस में
छोड़ जाते हैं पीछे
हर शै सहेजी हुई
बस यही पल
आज जो है हाथ में
बस सखा वो
जो है हरदम साथ में
 
जिंदगी के सफहे
हरफ दर हरफ
कहते रहे
जी ले इसे
यही पल ज़िन्दगी

--
Bhawna Saxena


कुछ राहों में छूट गए
बंधन बरसों के टूट गए
जिसका जितना था बाकी
राही उतना ले दूर हुए।
नेह के धागों में उलझे
नयनों में अश्रु भरे हुए
नियति की डोर बंधे
मन तो बस मजबूर हुए।
है सत्य रुलाती हैं यादें
हर बीते पल को जीते हुए
हम बूझ न पाएं लीला उसकी
जिसमें कठपुतली हम बने हुए।

Tuesday, January 19, 2016


थाली लोटा
गुदड़ी कथरी
धीमे धीमे
बंजारे ने
जोड़ी यादें
भर ली गठरी।
चलता रहा
राह पर अपनी
कुछ  छूटे
कुछ साथ चले
जंगल जंगल
नगरी नगरी।
छूट गया
क्या क्या रस्ते में
दिन बंजारे
मीठी रातें
गुड़ गुड़ हुक्का
मीठी लोरी।
ज्ञानोपदेश
प्यार की बातें
सपनों ने कभी
भरी उड़ानें
अश्रु बहे कभी
चोरी चोरी।
भोर हुई
जब भान हुआ
जग मिथ्या
मोह तजा
कल्याण हुआ,
बंधी ईश संग
प्रेम की डोरी।
भावना सक्सैना

Wednesday, January 6, 2016

बरसों पहले छूटा था
एक चांद सिरहाने अम्मा के
हर रात बीन कर चाँद के टुकड़े
उनको जोड़ा करती हूँ
मैं चाँद को पूरा करती हूँ।
ममता के आँचल में लिपटा
करुणा से था सिक्त चाँद वो
प्यासे पर शबनम ढुलकाता
शीतलता का अमृत घट
वो अक्स मैं ढूँढा करती हूँ।
अम्मा जब से आँचल छूटा
इस मेले में मैं खो सी गयी हूँ
दावानल सी दहके दुनिया
शोर कोलाहल इतना है
अब चाँद धधकता रहता है।
भीगी पलकों से बीन के मोती
पिरो याद की लड़ में उनको
तुमको अर्पण करती हूँ
स्मृतियों को सींचा करती हूँ
जब चाँद को ढूँढा करती हूँ।

Monday, November 9, 2015

पुरानी चीज़ें

मोह नहीं है
फिर भी छूटती नहीं
पुरानी चीज़ें।
चांदी की एक बाली
जो अम्मा ने बनवाई थी
कर्णछेदन पर
हल्दी तेल उसके
धुल गए कब से
लेकिन सिमटी है
उसमें एक तरल मुस्कान
पहला साहस
दर्द में न रोने का।
दराज़ के कागजों में छिपा
सागर तट का धुंधला सा चित्र
जिसमें माता पिता
के संग मुस्कुराते चेहरे
अतीत को ज़िंदा रखे हैं;
ज़रूरी है वह
दिल के सागर में
छिपी यादों की तरह।
पाठशाला का चित्र
जिसमें जड़े चेहरे
बदल गए बरसों पहले
पर उसमेँ मैं खुद को
अभी भी पहचान लेती हूँ
और उसे देख नए हो जाते हैं
कितने ही संकल्प
जो अभी पूरे नहीं हुए।
वो किस्से कहानियाँ
जो कहीं लिखे नहीं
पर मोती से टंके हैं
दिल के दामन पर।
एक नामालूम सा बूंदा
जो अनमोल है
कि उसे ले आया था
आठ साल का एक बालक
पिकनिक के लिए दिए
मामूली से खर्चे से
अपनी माँ के लिए
कहता है कहानी
एक बालक के बड़े होने की।
बालिश्त भर का एक स्वेटर
जिसमें माँ की उँगलियों ने
बुने थे स्नेह के तार
अभी तक उसकी
नरमी में महकता है प्यार;
कुछ खिलौने
जिनसे कोई खेलता नहीं
लेकिन बीता कल
मुस्कुराता है उनमें।
एक ख़त पुराना
नए रिश्तों की
जिसने नींव धरी
जिसके विश्वास में
महकता है आज
और धो देता है
यदा कदा उपजी काई
जिस पर फिसल के
टूट जाते हैं रिश्ते।
इन सब में
और ऐसी कईं और
कोनों में सहेजी हुई
निशानियों में है मौजूद
मेरा ज़रा ज़रा सा वजूद
इनसे जुदा जो होने नहीँ देता
इनके होने से मेरा होना है।
लेकर साथ तो
कुछ भी है जाना नहीं
ज़िंदा रहने को
पर ये जरूरी हैँ
सांसों की तरह।
तकलीफ बहुत देते हैं
जब दर्द नए होते हैं
धीमे धीमे बस उर अंतर
मन के हो लेते हैं।
साँसों के संग आते जाते
हर पल संग बहते हैं
इनके ही एहसासों में
खुद को ज़िंदा कहते हैं।

Friday, October 2, 2015

यादों के द्वारे
पलड़े नहीं हैं,
चली आती हैं
बेसबब सर उठाए।
कभी नर्म रेशम सी
सहलाएं मन को,
कभी दर्द का
घन दरिया बहायें।
कभी बीच बाज़ार
उड़ती सी खुशबू,
बहा ले जाए
किसी ही जहाँ में।
जगाएं कभी नींद से
बनके सपना,
उठा ले जाएँ
अनोखे जहाँ में।
एहसास मधुर
बीती ज़िन्दगी का,
बना दें सुखद
हर दिन, जो अब आए।
भावना सक्सैना
बस्ती आज क्यूँ उदास
सोचता रहा शज़र।
बादलों को ओढ़ कर
सो गयी चुपचाप
यूँ तो थी देर से
अनमनी दोपहर।
सुन्न मीलों मील फैली
उदास राह गाँव की
ताकती रस्ता उसका
लील जिसे गया शहर।
ताल पर पसरा कुहासा
सूर्य ने भेजी किरण
तरु-पत्रों से छन बिखरी
कण कण पुनः किया उज्जर।
अंगड़ाई ले उठी ख़ुशी
अरसे से जो सिमटी पड़ी
आज फिर से वक़्त पर
भारी हुआ धैर्य का स्वर।