Sunday, March 11, 2018

सब तो न किताबें कहती हैं

इतिहास गवाह तो होता है घटनाओं का
लेकिन सारा कब कलम लिखा करती हैं?
जो उत्कीर्ण पाषाणों में, सब तो न किताबें कहती हैं,
सत्ताएं सारी ही स्वविवेक से, पक्षपात करती हैं।

किसके लहू से रंगी शिला, किसका कैसे मोल हुआ
अव्यक्त मूक कितनी बातें, धरती में सोया करती हैं
निज स्वार्थ लिए कोई, जब देश का सौदा करता है
उठा घात अपनों की, धरती भी रोया करती है।

मीरजाफर- सा कायर जब घोड़े बदला करता है
दो सौ सालों तक धरती, बोझा ढोया करती है
ऐसा बोझा इतिहास रचे, सच्चे नायक खो जाते
मिथ्या कृतियां सूरमाओं की सत्ता नकारा करती हैं।

आज़ादी का श्रेय अहिंसा लेती जब
साहसी वीरों के बलिदान हवि होते हैं
नमन योग्य जिनके चरणों की धूलि
स्मृतियां भी उनकी खो जाया करती हैं।

कुटिल कलम इतिहास कलम करती जब
खून के आंसू पत्थर भी रोया करते हैं
लिखने वाले लिख तो देते हैं निराधार
युगों युगों पीढ़ियां, भ्रमित हुआ करती हैं।
रंजोगम हैं हज़ार सीने में
लब तो फिर भी ये मुस्कुराते हैं।

ख्वाब आते तो हैं नज़र में मगर
भीग आंसू से फिसल जाते हैं ।

पाँव उनका पड़ा था दिल पे मगर
सोच कर पत्ता निकल जाते हैं।

ख्वाहिशें होती हैं नाज़ुक सी बड़ी
अपनी ही खुद न जान पाते हैं।

वो जो कल हाथ छोड़ते ही न थे
आज पहचान भी न पाते हैं।

नूर अच्छाई का चमकता है जब
आईने आप ही टूट जाते हैं।

सिर्फ मेरा, है तो क्या?

इस जहां से उस जहां तक 
सिर्फ मेरा, है तो क्या?
हवा, पानी, सूर्य, बादल
सब बराबर से बंटे है।
भाई-बन्धु, रिश्ते-नाते
अपनेपन के गीत गाते,
नेह के सौदे जो सारे
कट के खाँचों में अटे हैं।
ईश पर अधिकार सबका
वेदों की ऋचाएं सबकी
सबकी सरगम,गीत सबके
धरा पर सब सम डटे हैं।
बारिशों का जल धरा का
पुष्प का मकरंद सब लें
सब पे छाए ऋतु बसंत
सबमें सातों रंग रमे हैं।
अपनी बस अनूभूतियाँ 
अपनी बस एक आस्था 
अपने मेरे शब्द जिनसे
मौन के दानव छंटे हैं।
अपनी भक्ति अपनी शक्ति
परम से अनुराग अपना
अपना है वो नाम हरि का
बोल जो निस-दिन रटे हैं।

Friday, December 15, 2017

खर्च हो जाता है दिन
झोले में भर यादे कई
अफसोस है इतना सा बस
कि दिन ऐसे कितने खर्चे
जिनका झोले में
कुछ हिसाब नहीं।
बेहिसाबी के इस सफर
का ही तो नाम है जिंदगी।
...भावना

यही पल जिंदगी

लम्हा लम्हा यूँ
पिघलती ज़िन्दगी
हर सांस में
छोड़ जाते हैं पीछे
हर शै सहेजी हुई
बस यही पल
आज जो है हाथ में
बस सखा वो
जो है हरदम साथ में
 
जिंदगी के सफहे
हरफ दर हरफ
कहते रहे
जी ले इसे
यही पल ज़िन्दगी

--
Bhawna Saxena


कुछ राहों में छूट गए
बंधन बरसों के टूट गए
जिसका जितना था बाकी
राही उतना ले दूर हुए।
नेह के धागों में उलझे
नयनों में अश्रु भरे हुए
नियति की डोर बंधे
मन तो बस मजबूर हुए।
है सत्य रुलाती हैं यादें
हर बीते पल को जीते हुए
हम बूझ न पाएं लीला उसकी
जिसमें कठपुतली हम बने हुए।

Tuesday, January 19, 2016


थाली लोटा
गुदड़ी कथरी
धीमे धीमे
बंजारे ने
जोड़ी यादें
भर ली गठरी।
चलता रहा
राह पर अपनी
कुछ  छूटे
कुछ साथ चले
जंगल जंगल
नगरी नगरी।
छूट गया
क्या क्या रस्ते में
दिन बंजारे
मीठी रातें
गुड़ गुड़ हुक्का
मीठी लोरी।
ज्ञानोपदेश
प्यार की बातें
सपनों ने कभी
भरी उड़ानें
अश्रु बहे कभी
चोरी चोरी।
भोर हुई
जब भान हुआ
जग मिथ्या
मोह तजा
कल्याण हुआ,
बंधी ईश संग
प्रेम की डोरी।
भावना सक्सैना

Wednesday, January 6, 2016

बरसों पहले छूटा था
एक चांद सिरहाने अम्मा के
हर रात बीन कर चाँद के टुकड़े
उनको जोड़ा करती हूँ
मैं चाँद को पूरा करती हूँ।
ममता के आँचल में लिपटा
करुणा से था सिक्त चाँद वो
प्यासे पर शबनम ढुलकाता
शीतलता का अमृत घट
वो अक्स मैं ढूँढा करती हूँ।
अम्मा जब से आँचल छूटा
इस मेले में मैं खो सी गयी हूँ
दावानल सी दहके दुनिया
शोर कोलाहल इतना है
अब चाँद धधकता रहता है।
भीगी पलकों से बीन के मोती
पिरो याद की लड़ में उनको
तुमको अर्पण करती हूँ
स्मृतियों को सींचा करती हूँ
जब चाँद को ढूँढा करती हूँ।