Friday, June 1, 2018

कछुआ

कितना सुखी होना है
कछुआ होना
अपने घेरे में
अपने दायरे में
जड़ता ओढ़
अडिग अचल
निःस्पृह।
पाना वो तीव्र दृष्टि
जो चीर अंधेरे
पराबैंगनी किरणों में
रंग बूझ पाए
दुनियावी फितरतों के
छिपकर कवच में अपने
कह सके
मैं जब हूँ, तभी हूँ
अपने मन से
अपने लिए।

भावना सक्सैना

Tuesday, May 15, 2018

आँख भर देख लेना

आँख भर देख लेना
दिल में भी संजो लेना
सेल्फियां खींच मत रखना
अक्स दिल में बो लेना।
चित्र कागज़ के सारे ही
समय संग धुंधला जाएंगे
अंकित जो हुए मन पे
लम्हे वही बचते जाएंगे।
उगेंगी शाखें यादों की
खिलेंगे फूल स्मित के संग
कभी मुरझाएं गर जो ये
अश्रु जल से भिगो लेना
बरस फिर और जाएंगे
वो लम्हे याद लाएंगे
नयन मुस्काते जाएंगे
मन को महकाते जाएँगे।

Wednesday, May 9, 2018

चुप की क्या मजबूरी

वक्त पड़े रस्मों के आगे 
बन जाते हैं भीष्म सभी
दुःशासन बेखौफ खड़े
दुस्साहस कर पाते तभी।

अट्टहास चीरता कानों को
नज़र कुलवधू की नीची
घूंट विषैले पीकर रहना
चुप की क्या मजबूरी।

प्रतिरोध वांछित अन्याय का
युग-शताब्दी चाहे कोई रहे।
गरिमा सदा हो संबंधों में 
मर्यादा कभी ना खोई रहे ।

सत की अपनी शक्ति होती,
सत का अपना साहस है
झूठ छिपाता फिरता चेहरा
खण्डित होता दुःसाहस है।

दो पाटों में रहकर के 
न्याय नहीं हो सकता है
न्याय उलझता रिश्तों में 
कोने में पड़ा सिसकता है।

Thursday, April 26, 2018

1
एक उदासी सी बसा करती है आइनों में 
उनकी आँखों में ही अक्स खिला करता है

2
जिस सुकून और नींद की तलाश है
जब होगी न होश होगा न करार ही...
3
औरों पे जो अक्सर इल्ज़ाम लगाया करते हैं
आइनों से क्यों मुंह अपने छिपाया करते हैं?
4
भाव शब्दों से नहीं आंखों से बयाँ होते देखे
है करिश्मा के आज पत्थर भी पनपते देखे।
5
बूझ पाए जिसे कोई, वह सवाल नहीं हूँ
खुद को ही समझने में उम्र गुज़ारी है...
तिर आई है हवा में फिर से
मीठी खुशबू शहतूतों की
पिघली बर्फ, दे रही दस्तक
मन की ऋतु के परिवर्तन की।
खुशियाँ मना रहा है कोई
मौसम के करवट लेने की।
ठान लिया मन ने जब कुछ
गति तो बदलेगी जीवन की।
b.s.

हौसला नदी का

पार साल से नदी
कुछ खारी हो गयी है
थकने लगी थी बीहड़ में
पत्थरों से उलझते
सिंधु से लेकर अपना जल
अब उलटी बह रही है,
जब तक मीठी थी
हर मोड़ पे कटती रही
अब खारी हुई तो
लबालब शांत बह रही है,
हौसला चाहिए
मिठास खोने को भी
ज़रा टेढ़ा सा मुस्कुरा
घाटियों से कह रही है...
भावना सक्सैना

Thursday, March 22, 2018