Sunday, January 13, 2019


मन जीवन

देह और मन का संघर्ष है बरसों से
कि दोनों ही अकसर साथ नहीं होते
देह जीती है अपने वर और श्राप
कभी समतल धरती पर तो कभी
उबड़-खाबड़ घने गहरे जंगल में
और मन बुनता है घोंसला आकाश में
वो जीता है अकसर कल में
सपनों में, पुरानी डायरियों के पन्नों में
और कभी बैठ जाता है
दहकते ज्वालामुखी के मुहाने पर
फूंकता है उसमें शीतलता
कभी शांत हो जाती है ज्वाला
तो कभी राख हो जाता है मन।
जहां देह होती है
अकसर मन नहीं होता
यह जानते  हुए कि
कहीं होकर भी न होना
समय को खो देना है
मन बैठा रहता है
ऊँचे वृक्ष की फुंगी पर
वृक्ष के फलों से सरोकार नहीं
वह देखता है दूर तलक
सपने सुनहरे नए कल के।
देह जब अर्जित कर रही होती है
अपने अनुभव और ज़ख्म सुख के
मन गुनगुनाता है
गीत किसी और क्षण के
किंतु श्रापित है मन
युगो-युगों से फिर-फिर
वही दोहराता आया है
उम्र भर देह से  रहकर जुदा
देह के बाद न रह पाया है
लाता है नियति एक ही
चलती नहीं किसी की जिसपर
मन जो रहता नहीं देह का होकर
खत्म हो जाता है देह संग जलकर।
फिर भी मन असीम अनंत
नन्हीं चिड़िया सा संभालो इसे
कि जब टूटता है मन
देह में प्राण रहें न रहें
रह जाता नहीं उसमें जीवन।

Friday, October 12, 2018

#metoo

अरे ओ!
खौफज़दा हो क्यों
बेहद से भी ज्यादा
बहते हुए दर्द के दरिया से?
हाँ उस दरिया में सड़न है!
कि ठहरा हुआ है
वो बरसों से।
हर साँस में रमकर
रिसता रहा सदियों
नस-नस में बहा है…
भीतर-भीतर।
ना हँसोंं, ना झिड़को...
बहने दो उसे
हर रोम-कूप से…
टपकने दो बूंद-बूंद,
समेट लो अंक में
इस तरह, कि अब
दर्द को नींद आए।
तुम खौफ़ में हो, क्योंकि
तुम जोड़ रहे हो इसे
आज  के सम्मान से,
सोचो उसे जो आज तक
नज़र  मिला नहीं पाई
खुद की खुद से
झुक गई है जो लादे हुए
उस एक पल के जनाज़े को
समेटती रही है अश्कों को
जो मन के दरिया में
इससे पहले वो जुटा पाए
अपने बिखरे हुए किरचे
क्यों न खुद ही तुम
खंगालो अपने मन को
अपने घिनौने
लिजलिजेपन को
और जाकर कह दो
अपराधी हूँ उस पल का
हाथ जोड़े खड़ा हूँ

कह पाओगे क्या तुम? - मी-टू!

Thursday, August 2, 2018

तृणमात्र


तृणमात्र हैं बस इस जगती में
जिनको ले समय की धार बही
पर लड़ मरते उन बातों पर
जो चुनने का अधिकार नहीं।

कभी धर्म कभी देह पर धर
छिछली बातें करने वाले
मानवता के सहज गुणों से
रखते हैं कुछ सरोकार नहीं।

हर्शाए रहते उथली सतह पर
बातों में कुछ आधार नहीं
जाने लेकिन न समझें  कभी
प्रतिशोध से चले संसार नहीं।

वो खेल सियासी में भूले
पैशाचिकता प्रतिकार नहीं
नर पिशाचों की देश तो क्या
धरती को भी दरकार नहीं।
भावना सक्सैना

Wednesday, July 11, 2018

मन्नत के धागों में कब बंधती हैं तकदीरें
रूह की स्याही से रचती हैं ये बरसों बरस
रूह जिस रोज बदलती है चोला बदन का
मिटती है लकीरें कोई गहरा जाती हैं बस।

भावना सक्सैना

Saturday, June 23, 2018


फैली बाहें, आर्द्र स्वर, करते रहे पुकार
धरती पर फिर भी यहां, पल पल अत्याचार।

श्वासें हैं अवरुद्ध अब, चलती नहीं बयार
जाने कितने विष घुले, भीषण हाहाकार।

जल, तृण, नभ सब वारते, पोसते यह संसार
मनुज निरा एक स्वार्थी, नोचे धरणी का श्रृंगार।

वायु, दूषित, जल प्रदूषित, सिक्त कण कण वेदना से
पंक से फिर भी उपजता, स्नेह का ही सार।

सोख कर सब व्यसन, लुप्त होती चेतना  अब
बढ़ रहा पल पल धरा पर, नादानियों का भार

कुछ करें कुछ तो विचारें, तुम जरा और मैं जरा 
आओ मिल सब खोज लें, करें शुरू  उपचार।
 
 - 
भावना सक्सैना

Thursday, June 21, 2018

दरक गए संबंध कितने
आस में मनुहारों की
प्रेम को कब चाह है
बाज़ार के उपहारों की।

दो बोल से पिघला करे
हिम जो जमा सदियों रही
बह चलें एक स्पर्श में
सारी व्यथाएं अनकही।

भावना सक्सैना

Saturday, June 2, 2018

 मन की बेड़ी में जकड़े
अपने अपने द्वीपों में
युगों युगों से खड़े हुए
अनंतकाल के बंदी हम।
कोई कहानी कोई निशानी
जब तब आंखों में मोती
कारा तोड़ निकल आएं हैं
यह भी तो बस एक भरम।
कितनी राहों से गुजरा
कहाँ कहाँ भटका ये मन
बीहड़ सागर नापे सारे
छोडें नहीं जन्म के करम।
मुझको मेरा, तुझको तेरा
बांधे जन्मों जन्मों से
कोई राह है ऐसी भी
छूटें जग के भवबंधन।