Sunday, August 16, 2020

 तपती हवाओं में 

बर्फ की फ़िज़ाओं में

मेह, आंधी, धूप में

जो डटा खड़ा रहा

उसे नमन करें चलो।


पीर पर पा विजय

भूल नाते सभी

बस वतन को याद रख

सरहद पर डटा रहा

उसे नमन करें चलो।


शौर्य प्रतिमा बना

शत्रु के वार संग

घात भीतर की सह

जो अचल खड़ा रहा 

उसे नमन करें चलो।


वीर वो देश का

धीर वो देश का

गर्व वो देश का

उसकी लेकर बलाएँ

दे दुआएँ मन से चलो।


है स्वतंत्र देश तो

कर्ज़ उनका है ये

कि जान वो लुटा गए

हो गए जो अमर

उन्हें नमन करें चलो।


भावना सक्सैना


Tuesday, July 28, 2020

डर


निडर, निर्भीक
जीवन के आरंभिक वर्ष
जब कुछ पाया न था
डर का अस्तित्व नहीं था
न किसी से, न कुछ खोने का
खोजने, जानने को चल देते थे पाँव
और दौड़ता था मस्तिष्क बेलगाम।
ज्यों-ज्यों अर्जित किया जीवन
डर ने दबे पांव आहिस्ते से
बना लिया अपना स्थान...
लेकर ओट प्रेम की
कि प्रेम में पलते हैं संशय
कि प्रेम होता है जितना उदार
उतनी ही ये दुनिया संकुचित।
कि प्रेम में खोना भी पाना तो है
किंतु पाने में भी खोने का भय,
सतत पथ पर जुड़े, बने, पले
संबंध अमूल्य
डर बढ़ा, बढ़ता गया...
सफ़लता की हर डगर
सौंपती रही कोई नया डर
मन ये जानता तो है
कुछ नहीं शाश्वत विश्व में
फिर भी डरा रहता है
हाँ, सब है तो डर भी है!
निकाल नहीं पाती
उसे अजनबी की तरह
कि जुड़ा है उन सब से
जिनसे करती हूँ प्रेम।
और एक डर यह भी
कि कहीं किसी रोज़
अचानक खुल जाए आँख
पाऊँ खुद को कहीं
और आभास हो कि
जो जीवन जी रही अभी
किसी और युग का
वह स्वप्न तो नहीं।

Tuesday, June 9, 2020

ये बदले से दिन



मौन संवेदनाएं
व्यक्त होती थी एक आलिंगन से,
एक स्पर्श कह जाता था
सब मन के भाव..।
वो जादू की झप्पी
जो रूठों को मनाने के काम आती थी
कितना कुछ खो दिया इस साल में।

मास्क लिपटे चेहरों पर
मुस्काने नहीं दिखती
आँखों मे बसा है भय संशय
जिसने ठेल दिया मुस्कानों को
दरवाज़े की घण्टी बजते ही
तन जाती हैं भौहें...
एक दूसरे पर जाती है दृष्टि
मन मे सवाल उत्पन्न करती
हाथ पहले बढ़ते थे दुपट्टे की ओर
अब मास्क उठाते हैं यंत्रवत।

नवजात के परिवार में आते ही
दौड़ जाते थे पाँव
उसे देखने, असीसने और
गोद मे झुलाने
अब फोटो और वीडियो कॉल
देते हैं तसल्ली...
कहाँ दें पाएंगी
आभासी मुलाकातें वो खुशी
जो उसे बांहों में भर होती,
सहमे हुए रिश्ते
दूर खड़े हो देखते हैं
फ़िक्रमंद अपने से
अपनों के लिए
कितना कुछ बदल गया है।

Bhawna Saxena

Wednesday, June 3, 2020

क्षणिकाएँ

1.
धूप से तुमको बचाया
हुलसी तुम्हारी छाँव में
बाँध ली ज़ंजीरें खुद ही
उसने अपने पाँव में

2.

कल उलीचा था बहुत
मन से धुँआ जाता नहीं है
हो शमा कितनी भी रोशन
मन जगमगाता ही नहीं है।

ठहरा मनुज

नदी कलुषित थी बहुत
ठहरा मनुज,
गर्द सारी बह गई
साँस घुटती थी जिसमें
वायु भी तो स्वच्छ
स्वयं ही हो गई
है धरा निखरी नई सी
सुबह शीतल ताज़गी है
रात ओढ़े तारे जगमग
खिले-खिले बाग उपवन
हो रहे हर्षित सभी
ज़िन्दगी सहमी हुई बस
फिर भी कहना है यही
वक्त थोड़ा और ठहर
मैल मन में है अभी...
है अति आडम्बर की
सोखनी है विनय अभी
स्व को अब तक पोसता जो
बीजने को करुणा उसको
वक्त लगेगा अभी
मैं मेरे के फेर से पाए निकल
उस ठौर का रास्ता बड़ा लम्बा अभी।

ताकि सनद रहे

बड़ी कॉलोनियों के सुरक्षित भवनों में
भरे पेट समाचारों की जुगाली करते ज्ञानी
नहीं समझ पाएंगे क्यों जुट जाती है भीड़
आनंद विहार और बांद्रा पर
सर पर गठरी-पोटली  उठाए
डामर पर चलते सूजे हुए पांवों का दर्द
और मन में धंसी फांस की चुभन
उन्हें भेद नहीं पाएगी
वे गरियाएँगे उनकी बेअकली पर
पाठ पढ़ाएंगे दूरी और मास्क के
बताएंगे मुफ्त राशन और भोजन की स्कीमें...

इन सबसे परे
चलते रहेंगे कुछ पाँव, कि
उन्हें नहीं आती सियासत
वे बस घर की सोचते हैं
और चल पड़ते हैं
अपने घर सर पर उठाए
उन्हें डर बीमारी से नहीं
भूख की भी आदत है उन्हें
वे डरते नहीं भूख से
डर है बड़े शहर में लावारिस मौत का
हर तरफ सुरसा सी मुँह फैलाए
उसमें समा जाने के पहले
वो देखना चाहते हैं
अपने दुधमुंहे का मुँह
छूना चाहते हैं उस दीवार को
जिसके लिए दो महीने पहले ही
 किया था मनी आर्डर
वो जानते हैं कि मृत्यु रुकती नहीं
लेकिन मरना चाहते हैं अपनों के बीच
ताकि सनद रहे नातेदारों को कि
दुनिया से कूच कर गए हैं।

बची रहेगी धरा

बची रहेगी धरा

मैं और तुम
जब बैठे हैं सुरक्षित घरों में
कुछ लोग जूझ रहे है
विकट परिस्थितियों में
वो थामे हैं मानवता,
स्वार्थ को कर किनारे ज़रा
बस उन्हीं के जीवट से बची रहेगी ये धरा

बिखरते तिनकों को
समेट सहला रहे हैं जो
उनकी बातों में जादू है झोले में दवा
वक्त कैसा भी आए बुरा
उनसे टकरा कर जाएगा बिखर
वो रोपते रहेंगे विश्वास
और बची रहेगी ये धरा।

कुछ बीज रोपे थे
नरम हथेलियों ने मिट्टी थपका
एक रोज़ आँधियां जब आतुर हो
गिराने लगेंगी सूखे दरख़्त पुराने
नए पौधे फैलाकर जड़ें अपनी
बांध लेंगे मृदा
उन मासूम हथेलियों की
ऊष्मा से बची रहेगी ये धरा।

राजनीति एक दूसरे को गिराने जब
खोज रही होगी तुरुप का इक्का
बुद्धिजीवी जब गढ़ रहे होंगे सिद्धांत
देश के किसी कोने में चुपके से
देकर लहू अपनी शिराओं से
कोई सैयद बचा लेगा एक सुलोचना
जिसे सुन हर कोई उठेगा मुस्कुरा
बस इसी मुस्कान से बची रहेगी ये धरा।

हज़ार नफरतों के बीच
रहेंगे कुछ हाथ
जो बिन पूछे धर्म और जात
बांटते रहेंगे प्रेम
और जीती रहेगी उम्मीद
एक कतरा प्रेम मुट्ठी में भींच
उसी कतरे में श्वास ले
जीत जाएगी वक्त से और जीती रहेगी धरा।