Wednesday, December 9, 2020

शिकायत

 बड़ी हुई है नाइंसाफी

राजधानी का रुख करते हैं,

सत्ता से हैं बहुत शिकायत

सड़कें जाम चलो करते हैं।


हों बीमार, या शोकाकुल हों

हम तो रस्ता रोकेंगे जी

कहीं कोई फंस जाए हमे क्या

अपनी जिद पर हम डटते हैं।


सत्ता ने ठानी सुधार की

वह तो अपने लिए नहीं जी

वंचित का चूल्हा बुझ जाए

हम अपने कोष हरे रखते हैं।


सब्सिडी भी लेंगे हम तो

टैक्स रुपए का नहीं चुकाएं

कर देने वाले, दे ही देंगे

तोड़-फोड़ हम तो करते हैं।


सरकारों से बदला लेने

देश हिला कर हम रख देंगे

हम स्वतन्त्र मन की करने को

आम जनों को दिक करते हैं।


हमको बल ओछे लक्ष्यों का

कुर्सी के लालच, पक्ष हमारे

अपनी बुद्धि गिरवी रखकर

हम कठपुतली से हिलते हैं।


बड़ी हुई है नाइंसाफी

राजधानी का रुख करते हैं,

सत्ता से हैं बहुत शिकायत

सड़कें जाम चलो करते हैं।


भावना सक्सैना


Thursday, October 29, 2020

आँगन निराला

 कुछ धुंधली तस्वीरें हैं

कुछ यादें बड़ी पुरानी हैं

अम्मा के फैले आँगन की

प्यारी सी ये कहानी है।


पक्की ईंटों से बिछा हुआ

वो आँगन बड़ा निराला था

द्वार सदा था खुला हुआ

हर मुंह को वहाँ निवाला था


नीम तले पुरवइया में

कुछ पीढों और खटोलों में 

सुख-दुख साझा  हो जाते थे 

कुछ झूलों और झिंगोलों में।


मन की बातें, चुभती फांसें

सब निकल, वहां मिलती साँसें

सब दर्द विकल बह जाते थे

भोली निश्छल मुस्कानों में


उस घर में जो कोई आता था

हर जन से प्रेम का नाता था

रिश्तों के गहरे  सागर में

मन तीर्थ से गोते लगाता था।


जब जब सोचा उसको, पाया

वो और कहीं की बातें हैं

अब वैसे आँगन नहीं कहीं

बस मतलब हैं और घातें हैं।


अब यादें हैं और कहानी है

कि गुड़िया हुई सयानी है

यह जीवन कितना क्षण भंगुर

मानो बहता हुआ पानी है।




Sunday, August 16, 2020

 तपती हवाओं में 

बर्फ की फ़िज़ाओं में

मेह, आंधी, धूप में

जो डटा खड़ा रहा

उसे नमन करें चलो।


पीर पर पा विजय

भूल नाते सभी

बस वतन को याद रख

सरहद पर डटा रहा

उसे नमन करें चलो।


शौर्य प्रतिमा बना

शत्रु के वार संग

घात भीतर की सह

जो अचल खड़ा रहा 

उसे नमन करें चलो।


वीर वो देश का

धीर वो देश का

गर्व वो देश का

उसकी लेकर बलाएँ

दे दुआएँ मन से चलो।


है स्वतंत्र देश तो

कर्ज़ उनका है ये

कि जान वो लुटा गए

हो गए जो अमर

उन्हें नमन करें चलो।


भावना सक्सैना


Tuesday, July 28, 2020

डर


निडर, निर्भीक
जीवन के आरंभिक वर्ष
जब कुछ पाया न था
डर का अस्तित्व नहीं था
न किसी से, न कुछ खोने का
खोजने, जानने को चल देते थे पाँव
और दौड़ता था मस्तिष्क बेलगाम।
ज्यों-ज्यों अर्जित किया जीवन
डर ने दबे पांव आहिस्ते से
बना लिया अपना स्थान...
लेकर ओट प्रेम की
कि प्रेम में पलते हैं संशय
कि प्रेम होता है जितना उदार
उतनी ही ये दुनिया संकुचित।
कि प्रेम में खोना भी पाना तो है
किंतु पाने में भी खोने का भय,
सतत पथ पर जुड़े, बने, पले
संबंध अमूल्य
डर बढ़ा, बढ़ता गया...
सफ़लता की हर डगर
सौंपती रही कोई नया डर
मन ये जानता तो है
कुछ नहीं शाश्वत विश्व में
फिर भी डरा रहता है
हाँ, सब है तो डर भी है!
निकाल नहीं पाती
उसे अजनबी की तरह
कि जुड़ा है उन सब से
जिनसे करती हूँ प्रेम।
और एक डर यह भी
कि कहीं किसी रोज़
अचानक खुल जाए आँख
पाऊँ खुद को कहीं
और आभास हो कि
जो जीवन जी रही अभी
किसी और युग का
वह स्वप्न तो नहीं।

Tuesday, June 9, 2020

ये बदले से दिन



मौन संवेदनाएं
व्यक्त होती थी एक आलिंगन से,
एक स्पर्श कह जाता था
सब मन के भाव..।
वो जादू की झप्पी
जो रूठों को मनाने के काम आती थी
कितना कुछ खो दिया इस साल में।

मास्क लिपटे चेहरों पर
मुस्काने नहीं दिखती
आँखों मे बसा है भय संशय
जिसने ठेल दिया मुस्कानों को
दरवाज़े की घण्टी बजते ही
तन जाती हैं भौहें...
एक दूसरे पर जाती है दृष्टि
मन मे सवाल उत्पन्न करती
हाथ पहले बढ़ते थे दुपट्टे की ओर
अब मास्क उठाते हैं यंत्रवत।

नवजात के परिवार में आते ही
दौड़ जाते थे पाँव
उसे देखने, असीसने और
गोद मे झुलाने
अब फोटो और वीडियो कॉल
देते हैं तसल्ली...
कहाँ दें पाएंगी
आभासी मुलाकातें वो खुशी
जो उसे बांहों में भर होती,
सहमे हुए रिश्ते
दूर खड़े हो देखते हैं
फ़िक्रमंद अपने से
अपनों के लिए
कितना कुछ बदल गया है।

Bhawna Saxena

Wednesday, June 3, 2020

क्षणिकाएँ

1.
धूप से तुमको बचाया
हुलसी तुम्हारी छाँव में
बाँध ली ज़ंजीरें खुद ही
उसने अपने पाँव में

2.

कल उलीचा था बहुत
मन से धुँआ जाता नहीं है
हो शमा कितनी भी रोशन
मन जगमगाता ही नहीं है।

ठहरा मनुज

नदी कलुषित थी बहुत
ठहरा मनुज,
गर्द सारी बह गई
साँस घुटती थी जिसमें
वायु भी तो स्वच्छ
स्वयं ही हो गई
है धरा निखरी नई सी
सुबह शीतल ताज़गी है
रात ओढ़े तारे जगमग
खिले-खिले बाग उपवन
हो रहे हर्षित सभी
ज़िन्दगी सहमी हुई बस
फिर भी कहना है यही
वक्त थोड़ा और ठहर
मैल मन में है अभी...
है अति आडम्बर की
सोखनी है विनय अभी
स्व को अब तक पोसता जो
बीजने को करुणा उसको
वक्त लगेगा अभी
मैं मेरे के फेर से पाए निकल
उस ठौर का रास्ता बड़ा लम्बा अभी।