दर्पण की वह स्त्री
मैं तो नहीं
बिंदी,सिंदूर,
गले में झूलता मंगलसूत्र।
पत्नी हो गई,
माँ हो गई,
बंध गई रिश्तों में,
कितने, वो मैं तो नहीं।
मैं हवा हूँ
नदी हूँ
चिड़िया हूँ
दादी के आँचल
में झूलती....
अल्हड़ चंचल गुड़िया हूँ
आज सफलता देख मेरी
जब हर्षाते हो
मन में फिर भी
यह रहता है.....
अब भी.....क्या अब भी
पुत्र ही चाहते हो
आशीष रहा
मुझ पर जो सदा
जो प्रेम तुम्हारा
बना रहा
हर पथ पर
संबल तुमने दिया
वह याद सभी कुछ है
पर भूले नहीं
कभी फिर भी......
आँख के तेरी
वे आँसू।