Saturday, September 27, 2014

प्रेम

1.
होंठों पर थिरकता
तरल श्वास है
शब्दों से परे
अहसास है
जीवन के मौन
को करता स्पंदित
प्रेम...
थोड़ा और जीने की
प्यास है।
2.
वीणा तंत्री सी देह
शिथिल होने पर भी
जो झंकार सके
उदास मन की वादी
को गुंजार सके
मौन के शब्दों को पढ़
रचे नई भाषा
पके जीवन में
ला रखे नई आशा।

3
एक स्पर्श से 
हृदय में उतर आता है बसंत
थिर जल को 
हौले से हिला जाता है
गूंज जाती है दिशाओं में 
मधुर सरगम
जीवित हो मन 
मयूर सा, थिरक जाता है।

Sunday, October 7, 2012


आंसुओं में पिरोये
टुकड़े रात के
झरोखे से चाँद 
ताकता रहा 
अपलक
नींद रूठी हुई 
कहीं जा छिपी 

नेह की  बारिश बहुत थी
माँ तेरा आंचल नहीं था.

दूर थी माँ जब पुकारा
मुझको तेरा बल नहीं था
मचलती ठुनकती रूठती हंसती
दुलार भरी बाहों में पलती 
दीखती थी सारी सखियाँ 
माँ मुझे संबल नहीं था.

कर दिया तुमने अलग जब 
ममता की यूँ न कुछ कमी थी 
अश्रुओं की थी नमी, 
स्नेह की पाती कईं थीं 
माँ मेरी यूँ तो कईं थी 
एक तेरा आँचल नहीं था

मजबूर कितनी तुम थी उस दिन
कितने तेरे अश्रु गिरे थे
छोड़ आई थी मुड़े बिन 
मैं समझ पाती हूँ अब 
तिनके सी तब सागर में थी
कश्ती जिसे साहिल नहीं था.

फ़र्ज़ क़र्ज़ अब चुक गए सब 
चुक गया बचपन बेचारा
चुक गए सूखे से कुछ क्षण
आयेंगे न अब दोबारा
सालता है अब तलक 
वो पल जो मेरा कल नहीं था. 

कुछ रुके रुके पल



हर पल चलते
समय चक्र में
थम जाते हैं,
हो जाते हैं
अंकित - कुछ पल

उर अंतर में,
बस जाते हैं;
रम जाते हैं,
कर जाते हैं;
भाव विह्वल।

धुल जातीं,
स्मृतियाँ यौवन की;
अमिट रहें पर,
पी संग देखे;
पहले बादल।

हर अवसर पर,
भरा अंक में;
पर अमूल्य,
प्रथम शिशु का;
स्पर्श सुकोमल

कुछ सीले सीले भारी भी
कुछ काँटों की सी
चुभन वाले
रुक जाते हैं
कुछ अनचाहे शुष्क तरल।
इक रोज़ तपाया था 
नर्म नेह आंच में
घट दरक गया है  
झुलस ताप में. 

न शिकवा न शिकायत पर
प्रश्न हैं कईं 
क्यूँ दीखते हैं भरे 
वृक्ष खोखले कईं? 
कह कर करें भी क्या? 
क्या सुनेंगे वो ? 
घिर गए हैं जो 
अपने रुआब में?

Monday, December 12, 2011

आशा की उर्वर भूमि में

आने वाले वर्ष,
तुम्हारे स्वागत में
कुछ करना होगा।

छोड़ चीथड़े द्वेषभाव के,
नव परिधानों में
सजना होगा

कुछ बंधन काटने होंगे,
स्वछंद, नील गगन में,
इक पंछी सम उड़ना होगा

आशाहीन दिशाभ्रमित जो,
हाथ पकड़ कर, राह दिखा कर
उनको गले लगाना होगा।

जग त्रास से बेबस जो,
सोये हुए स्वप्न हृदय में
उनको पुनः जगाना होगा

उँगलियाँ बहुत दिखा चुके,
क्या लेना कौन करे है क्या,
बस अपना आप परखना होगा।

घृणा बैर सब काट, फेंक कर
आशा की उर्वर भूमि में
स्नेह बिरवा इक रोपना होगा।

Saturday, November 26, 2011

समाधान की तलाश में -



उलझ रहे है सिरे

कईं रोज़ से...

निकलना होगा

उन्हे सुलझाने को

निकलना होगा आज

एक लंबी यात्रा पर

इस कमरे से बाहर,

ए सी के कृत्रिम

सुखद अहसास से परे।

फाइलों से भरी अलमारियों

और उत्तर की प्रतीक्षा में

मुंह खोले पड़े पत्रों से परे

उन मुद्दों से परे

जिनके समाधान तो हैं

पर उसकी अधिकारीयत बौनी है

और समाधान सच्चे।

और सच्चे समाधानों

से कुछ भला हो भी तो

पहले पन्ने पर

तस्वीरें तो नहीं छपतीं

उसके लिए जरूरी है मेहनत,

एक अलग तरह की

बहुतों की आदत में

कुछ की सीमा से परे।

और फिर

वह पुरुष भी तो नहीं

जो कंधे पर हाथ धर

दो पैग में घोल कर पी जाए

या सिगरेट के धुएँ में उड़ा दे

ग्लानि, ठेस और पीड़ा

जो उपजती है

आदर्शों के सूखे पत्तों सा

कुचल जाने से,

निर्मम लांघते चले जाने से

दूसरों के सपने और अपनी हदें।

बाहर.........

क्योंकि अंतर की सिलवटें

चुभने लगी हैं,

क्योंकि नासूर बनने से पहले,

अबूझे, अनुत्तरित प्रश्नों

को हवा में तिरना है,

शायद, कभी-कहीं-कोई समाधान हो पाये!

बाहर.... क्योंकि

विपक्ष तो करता नहीं है

अंतर की सैर।