Saturday, November 26, 2011

समाधान की तलाश में -



उलझ रहे है सिरे

कईं रोज़ से...

निकलना होगा

उन्हे सुलझाने को

निकलना होगा आज

एक लंबी यात्रा पर

इस कमरे से बाहर,

ए सी के कृत्रिम

सुखद अहसास से परे।

फाइलों से भरी अलमारियों

और उत्तर की प्रतीक्षा में

मुंह खोले पड़े पत्रों से परे

उन मुद्दों से परे

जिनके समाधान तो हैं

पर उसकी अधिकारीयत बौनी है

और समाधान सच्चे।

और सच्चे समाधानों

से कुछ भला हो भी तो

पहले पन्ने पर

तस्वीरें तो नहीं छपतीं

उसके लिए जरूरी है मेहनत,

एक अलग तरह की

बहुतों की आदत में

कुछ की सीमा से परे।

और फिर

वह पुरुष भी तो नहीं

जो कंधे पर हाथ धर

दो पैग में घोल कर पी जाए

या सिगरेट के धुएँ में उड़ा दे

ग्लानि, ठेस और पीड़ा

जो उपजती है

आदर्शों के सूखे पत्तों सा

कुचल जाने से,

निर्मम लांघते चले जाने से

दूसरों के सपने और अपनी हदें।

बाहर.........

क्योंकि अंतर की सिलवटें

चुभने लगी हैं,

क्योंकि नासूर बनने से पहले,

अबूझे, अनुत्तरित प्रश्नों

को हवा में तिरना है,

शायद, कभी-कहीं-कोई समाधान हो पाये!

बाहर.... क्योंकि

विपक्ष तो करता नहीं है

अंतर की सैर।

Friday, November 4, 2011

शहर पुराने


कुछ शहर पुराने, यादों में
अकसर आ जाया करते हैं;
गहराते हैं साये जब,
बन सूरज छाया करते हैं।

जीवन के बीहड़ में जो कभी,
काँटों की चुभन बढ़ जाती है;
वो नर्म रुई के फ़ाहों से,
मन को सहलाया करते हैं।

सीधा चलते चलते भी तो
दोराहे पर आ जाते हैं;
वो हाथ पकड़ कर हमदम से
बस राह दिखाया करते हैं।
जो शहर पुराने यादों में
अकसर आ जाया करते हैं।

Tuesday, February 15, 2011

ये हवा

राज तेरे मेरे लिए...
कराहती है तभी,
किलकती है कभी
सीली सीली सी
कभी तेज, कभी मद्धम
ये हवा
हर दौर से गुजरती है।

याद के पीत पत्रों को
पलटती,
कईं खुशबू उड़ाती,
अहसासों को कुतरती
कभी
कोई नब्ज़ छेड़ जाती है
ये हवा पर दर्द समझ पाती है।

चलती रही है
सदियो यूँ ही
चुपचाप!
गुदगुदाती, गुनगुनाती,
कभी शोर मचाती हुई
बदलती इस उस को
कभी यूँ ही मेरे संग बदल जाती है।

Thursday, August 26, 2010

बरसते हो जब,
तुम खोजते सौंधी महक
मैं नए चिने पलस्तर सी
नमी खोजती सख्त हो जाने को।


सदियों के पुरुष से
तुम खोजते समर्पण,
मैं नत,
बस तेज़ हवा बह जाने तक।

Wednesday, July 21, 2010

छलना

चला था घर से जब
आँख में आस थी, उम्मीद थी
उमंग थी,
बेहतर बन जाने की।
दिए थे सपने
जिसने,
दिखता था उस जैसा
मधुर कंठ था मीठे बोल
और आश्वासन था
उसका भारतीय मूल-
“देखो मैं हूँ पी आई ओ*
संग मेरे तुम हो लो,
उभरो दलदल से,
जीवन अपना बदलो।
इतनी मेहनत पर
डॉलर बहुत पाओगे
य़हाँ रहोगे, जीवन भर
बस यूँ ही रह जाओगे।

दूर देश है एक
वहाँ तुम जैसे ही बसते हैं
आवश्यकता हीरे की तुमसे
वहाँ भारतवासी पुजते हैं।
कर मुझ पर विश्वास
देख मैं तुझ जैसा ही तो हूँ
मेरे दादा इसी देश के
फिर तो भाई तेरा हूँ।
पासपोर्ट, वीज़ा, परमिट,
सब कागज मैं कर दूँगा
चल तू मेरे साथ,
तेरी मैं जेबें ही भर दूँगा”

और पड़ोसी भी था कहता-
मत घबरा,
खुला एक दफ्तर है रहता
मदद करेगा वह भी
देशवासी हैं अपने ही वे
संग होंगे
कठिनाई
जो हुई कभी।

और यही कुछ आश्वासन ले
चला, पाँव पसारा...
माँ की आँख भरी जलधारा
पिता की कोर भी नम थीं
दूर कष्ट पर उनके होंगे
यही आस क्या कम थी।

कौतुक रस्ते भर भी देखे
देख-देख भरमाया।
मध्य रात्रि उतरा विमान
तब
गहन अंधेरा पाया।
क्या था वह संकेत कहीं
उस आसन्न तिमिर का
जीवन पथ की राहों में
पड़ने वाले कहर का ।
होना था जो शुरु
सिलसिला
चिर अनंत श्रम का...
अंतडियां जब शोर मचाती
सूखी रोटी पाता
हाड़ तोड़ मेहनत भी करता
डालर एक न पाता,

सब कुछ जमा है खाते में,
पी आई ओ कहता जाता।
इतना जाहिल भी तो न था
सोच-सोच रह जाता
अगूंठा, हस्ताक्षर कहीं ना,
खुला गया कहां यह खाता।
कार्यपत्र की मांग करी जब
पासपोर्ट भी गंवाया
मजदूरी की मांग करी तो
जा थाने पहुंचाया
उससे ही कुछ और वहां थे
फिर भी तो विरुद्ध
एक आस छोटी सी ही तो थी
जीवन बना क्यूँ युद्ध।

गिरते पड़ते ढूंढ ढांढ कर
दफ्तर तो जा पाया
पर दमड़ी तो पास नहीं
फिर हमदम कोई न पाया
जो मालिक
संभ्रांत नागरिक,
उसे सही ही पाया
जो भूखा...
मत लालच कर
उसको यह समझाया

सकुचा सहमा,
मिला मुझे जब
अश्रुसिक्त चेहरा था बस वह
लिए कईं सवाल-
घर जाकर कह दूँ कैसे मैं
बैरंग लौट चला आया हूँ
कैसे जानूँ किस गलती की
आज सज़ा पाया हूँ?
उस छले हुए की
दशा देख
यह सोच सोच रह जाती
छले गए जो सदी से पहले**
उन सा ही है
या बदतर है
उनके दुश्मन दूर देश के
अब अपने घर के हैं।
स्वार्थ सिद्धि को ले आते हैं
बहलाकर फुसलाकर
अपने सपने पूरे करने
चिराग और का जलाकर।

(*पी आई ओ - person of Indian origin
** वे गिरमिटिया मजदूर जिन्हें विश्व के विभिन्न देशों में भेजा गया)

Sunday, July 18, 2010

एक दौर था वो
बस अपने हुए हम,
आज सबके हरदम
बस अपने नहीं हम।
वक्त दिन का है उतना ही
अपने लिए कम।

Tuesday, May 25, 2010

(1)

उसने कुछ खास नहीं
क्षमा माँगी थी
दे न पाए क्योंकि
वह खुश है!!!
तुम्हारी इजाज़त के बिना

(2)

कईं खरोंचे,
कईं घाव भी होंगे
ढक रखना।
खोद-खोद इन्हें
अपने ही
लहू बहा मार डालेंगे